SNMMCH में रेबीज वैक्सीन संकट गहराया, मरीज चंदा कर खरीद रहे डोज

KK Sagar
2 Min Read
Dhanbad SNMMCH

धनबाद: (SNMMCH) में एंटी-रेबीज वैक्सीन की भारी किल्लत एक बार फिर सामने आई है। शनिवार को ही अस्पताल में वैक्सीन का स्टॉक पूरी तरह खत्म हो गया। इसके बाद एआरभी (एंटी रेबीज) केंद्र के बाहर बिलबोर्ड चिपका दिया गया, जिसमें साफ लिखा गया कि 6 अप्रैल से इंजेक्शन नहीं लगाया जा रहा है।

रेबीज जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी के बीच वैक्सीन की अनुपलब्धता ने मरीजों की चिंता बढ़ा दी है। दूर-दराज से इलाज के लिए पहुंचे लोगों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है, जबकि कई मरीज मजबूरी में वैकल्पिक रास्ते अपनाने को विवश हैं।

अस्पताल कर्मियों द्वारा मरीजों को सलाह दी जा रही है कि वे बाहर से वैक्सीन खरीदकर लाएं, जिसके बाद अस्पताल में केवल इंजेक्शन लगाया जाएगा। एक वाइल में चार डोज होने के कारण मरीज आपस में मिलकर इसे बांट रहे हैं।

इसी कड़ी में DAV स्कूल के एक फिजिकल एजुकेशन शिक्षक ने एक वाइल खरीदी, जिसे चार लोगों के बीच आपसी समझौते से बांट लिया गया। इस वाइल की कीमत लगभग ₹400 बताई जा रही है, जिसे सभी ने मिलकर साझा किया।

मजबूरी की इस स्थिति में मरीज एक-दूसरे का सहारा बनते नजर आ रहे हैं, लेकिन यह हालात स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि बार-बार वैक्सीन की कमी होना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है और इसे जल्द से जल्द ठीक किया जाना चाहिए।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....