ट्रेड डील को लेकर राहुल गांधी का संसद में सरकार पर हमला, कहा- आपने देश को बेच दिया

Neelam
By Neelam
4 Min Read

हंगामे के बीच संसद का बजट सत्र जारी है। संसद के बजट सत्र के दौरान हर दिन हंगामा देखने को मिल रहा है। संसद में लंबे गतिरोध के बाद आज लोकसभा में राहुल गांधी ने बजट 2026 पर चर्चा में भाग लिया। नेता प्रतिपक्ष ने इस दौरान बजट, अमेरिका संग हालिया ट्रेड डील से लेकर वैश्विक मुद्दों पर अपनी बात रखी।  

अमेरिकी दबदबे को मिल रही चुनौती- राहुल गांधी

आम बजट और वित्त मंत्रालय की तरफ से पेश किए गए आर्थिक सर्वेक्षण का जिक्र करते हुए कहा, “मैं आर्थिक सर्वे को देख रहा था। दो बिंदु मुझे दिखे। पहला बिंदु- हम ऐसी दुनिया में रह रहे हैं जहां भू-राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता बढ़ती जा रही है। यानी जो अमेरिका आधारित सिस्टम था, उसे चुनौती मिल रही है। उसे अब रूस और चीन फिर से चुनौती दे रहे हैं। दूसरा- हम ऐसी दुनिया में रह रहे हैं, जहां ऊर्जा और वित्त को हथियार बना लिया गया है।”

भारत-यूएस ट्रेड डील पर क्या बोले राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा, ‘अगर इंडिया अलायंस प्रेसिडेंट ट्रंप के साथ बातचीत कर रहा होता। मैं आपको बताता हूं कि हम क्या कहते। सबसे पहले हम प्रेसिडेंट ट्रंप से कहते, इस इक्वेशन में सबसे जरूरी चीज इंडियन डेटा है। आप अपना डॉलर बचाना चाहते हैं? हम आपके दोस्त हैं। हम आपकी तारीफ करते हैं। हम आपके डॉलर को बचाने में आपकी मदद करना चाहते हैं। लेकिन प्लीज याद रखें कि अगर आप अपना डॉलर बचाना चाहते हैं, तो सबसे बड़ी एसेट जो आपके डॉलर को बचा सकती है, वह इंडियन लोगों के पास है।”

हम स्थिरता से अस्थिरता की तरफ जा रहे-राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा, “प्रधानमंत्री और एनएसए ने कुछ समय पहले चौंकाने वाले रूप से कहा था कि युद्ध का समय अब खत्म हो चुका था। लेकिन यूक्रेन में संघर्ष जारी है, ईरान में संघर्ष हो रहा है। यानी हम स्थिरता से अस्थिरता की तरफ जा रहे हैं। राहुल ने कई और वैश्विक मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि देश की 140 करोड़ जनता के सामने आज चुनौतियां काफी अलग हैं।”

अमेरिका को भारत का सिर्फ डेटा चाहिए-राहुल गांधी

राहुल गांधी ने अपने भाषण में एआई के खतरों के चर्चा की है। उन्होंने कहा कि आज भारतीयों के पास सबसे ज्यादा डेटा है। अमेरिका को भारत का सिर्फ डेटा चाहिए। उसे अपने डॉलर के बचाने के लिए डेटा चाहिए। एआई के कारण हमारे सॉफ्टवेयर इंजीनियरों की नौकरी खतरे में है। एआई से एक खतरनाक दुनिया दिख रही है। लेकिन, सरकार ने बजट में इन समस्याओं के समाधान का प्रावधान नहीं दिख रहा है।

बजट में डेटा सुरक्षा के लिए कुछ नहीं-राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा है कि बजट में यह माना गया है कि ऊर्जा और वित्त को हथियार बनाया जा रहा है लेकिन बजट में ऐसा कुछ नहीं है जो इस पर ध्यान दे। उन्होंने कहा कि हमें अपने लोगों, डेटा, खाने की सप्लाई और ऊर्जा सिस्टम की सुरक्षा करनी है। राहुल गांधी ने बजट पर चर्चा के दौरान लोकसभा में कहा कि हम एक खतरनाक दुनिया की तरफ बढ़ रहे हैं, हमें अपनी ताकत को समझना होगा। हमारे देश की सबसे बड़ी ताकत हमारे लोग हैं।

Share This Article