पश्चिम बंगाल में कांग्रेस 110 सीटों पर जीत का दावा कर रही, राहुल गांधी करेंगे मालदा का दौरा

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क/कोलकाता : कांग्रेस आलाकमान ने पश्चिम बंगाल में पार्टी की इकाई से आगामी विधानसभा चुनावों में निर्णायक भूमिका निभाने के लिए कमर कसने को कहा है। प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने दावा किया है कि अगर अभी चुनाव होते हैं तो पार्टी 110 सीटों पर जीत हासिल कर सकती है। इस दावे पर केंद्रीय पर्यवेक्षक मीर गुलाम ने प्रदेश नेताओं से अपनी पूरी जिम्मेदारी और 100 प्रतिशत प्रयास देने को कहा है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि केंद्रीय नेतृत्व भी पहले से पांच गुना ज्यादा समर्थन देगा।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक आगामी चुनाव में हर विधानसभा सीट के लिए अलग पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाएंगे। पार्टी के युवा संगठन की जिम्मेदारियां भी बढ़ाई जाएंगी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अगले महीने बंगाल के दौरे पर आ रहे हैं। वह मालदा जिले में एक बड़ी रैली को संबोधित करेंगे। सूत्रों का कहना है कि बिहार विधानसभा चुनाव के बाद राहुल गांधी का पूरा ध्यान बंगाल पर रहेगा।

फिलहाल पश्चिम बंगाल में कांग्रेस की स्थिति कमजोर है। राज्य विधानसभा में पार्टी का कोई विधायक नहीं है, जबकि लोकसभा में केवल एक सांसद है। पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनावों में कांग्रेस ने वाम मोर्चा के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था, लेकिन दोनों ही बार उसे निराशा हाथ लगी थी। अब सवाल यह है कि क्या कांग्रेस इस बार भी वाम मोर्चा के साथ गठबंधन करेगी? पार्टी के अंदर एक धड़ा इस बार अकेले चुनाव लड़ने के पक्ष में है।

Share This Article