डिजिटल डेस्क/जमशेदपुर : रेलवे बोर्ड ने पश्चिम बंगाल में कनेक्टिविटी को विस्तार देते हुए छह नई रेलवे लाइनों के निर्माण की आधिकारिक स्वीकृति दे दी है। इन नई परियोजनाओं का क्रियान्वयन दक्षिण पूर्वी रेलवे द्वारा किया जाएगा। इन रेल लाइनों के निर्माण से परिवहन से वंचित स्थानीय निवासियों को लाभ होगा और व्यापार के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इसके अलावा इन क्षेत्रों में चिकित्सा और शिक्षा की पहुंच भी आसान होगी।
परियोजनाओं में 26.2 किलोमीटर लंबी कांथी-एग्रा लाइन और 28 किलोमीटर लंबी नंदकुमार-बालाइपांडा लाइन शामिल है। इसके अलावा 7 किलोमीटर लंबी नंदीग्राम-कंदियामारी लाइन और 31 किलोमीटर लंबी बोवाईचंडी-आरामबाग लाइन को भी मंजूरी मिली है। बोवाईचंडी-आरामबाग लाइन से रेल दूरी लगभग 90 किलोमीटर कम हो जाएगी। वहीं 24.4 किलोमीटर लंबी बोवाईचंडी-खाना लाइन और 65 किलोमीटर लंबी बांकुरा-पुरुलिया लाइन से क्षेत्र की कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

