रेलवे न्यूज़ – चेन पुलिंग और महिला कोच उल्लंघन पर 3661 लोग हिरासत में

KK Sagar
3 Min Read

पूर्व मध्य रेल द्वारा अवैध रूप से चेन पुलिंग कर रेल परिचालन को बाधित करने वालों तथा महिला कोच में अनधिकृत रूप से यात्रा करने वाले पुरुष यात्रियों के खिलाफ सघन अभियान चलाया गया। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा यह कार्रवाई ऑपरेशन “समय पालन” और “महिला सुरक्षा” के तहत की गई।

चेन पुलिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन ‘समय पालन’

रेलवे प्रशासन ने बताया कि बिना पर्याप्त कारण चेन पुलिंग कर ट्रेनों को अनावश्यक रूप से रोकने की घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से ऑपरेशन “समय पालन” के तहत कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में 01 दिसंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक पूर्व मध्य रेल के विभिन्न रेलखंडों पर कार्रवाई करते हुए रेलवे सुरक्षा बल ने कुल 1032 लोगों को बिना उचित कारण चेन पुलिंग करने के आरोप में हिरासत में लिया। इन सभी के विरुद्ध रेल अधिनियम की धारा 141 के अंतर्गत कार्रवाई की गई।

दानापुर मंडल में सर्वाधिक मामले

आंकड़ों के अनुसार, इस अभियान के तहत दानापुर मंडल में सर्वाधिक 429 लोगों को पकड़ा गया। वहीं समस्तीपुर मंडल में 266, पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल में 131, सोनपुर मंडल में 116 तथा धनबाद मंडल में 90 लोगों को हिरासत में लिया गया।

महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए ऑपरेशन ‘महिला सुरक्षा’

महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ऑपरेशन “महिला सुरक्षा” के तहत महिला कोच में यात्रा करने वाले पुरुष यात्रियों के खिलाफ भी सघन धर-पकड़ अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत 01 दिसंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 के बीच रेलवे सुरक्षा बल द्वारा कुल 2629 पुरुष यात्रियों को हिरासत में लिया गया। इनके विरुद्ध रेल अधिनियम की धारा 162 के तहत कार्रवाई की गई।

महिला कोच उल्लंघन में भी दानापुर मंडल अव्वल

इस श्रेणी में भी दानापुर मंडल में सबसे अधिक 1371 पुरुष यात्री पकड़े गए। इसके अलावा पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल में 706, समस्तीपुर मंडल में 240, सोनपुर मंडल में 166 तथा धनबाद मंडल में 146 पुरुष यात्रियों को हिरासत में लिया गया।

अभियान आगे भी रहेगा जारी

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा, समयबद्ध रेल परिचालन तथा अनुशासन बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....