धनबाद। पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब) पोस्ट धनबाद ने सिग्नलिंग केबल चोरी के एक गंभीर मामले का सफलतापूर्वक उद्भेदन करते हुए दो फरार आरोपियों को चोरी गए पूरे माल के साथ गिरफ्तार किया है। इस चोरी के कारण कई घंटों तक रेल परिचालन बाधित रहा था।
रेसुब से मिली जानकारी के अनुसार, 26 जनवरी 2026 को जंक्शन बॉक्स संख्या JB6 से सिग्नल विभाग का 12 कोर का कुल 72 अदद (करीब 70 मीटर) सिग्नलिंग केबल अज्ञात चोरों द्वारा काटकर चोरी कर लिया गया था। इस घटना के कारण 27 जनवरी की रात 11:10 बजे से लेकर 16:30 बजे तक रेल परिचालन प्रभावित रहा, जिससे 6 पैसेंजर और मालगाड़ियां प्रभावित हुईं। चोरी गए केबल की अनुमानित कीमत 8400 रुपये बताई गई है।
इस संबंध में आसमान सिंह मुंडा द्वारा लिखित शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर रेसुब पोस्ट धनबाद में कांड संख्या 03/26 (दिनांक 28.01.26) के तहत 3 RP(UP) Act एवं 174(C) रेल अधिनियम में मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच उप निरीक्षक कुंदन कुमार को सौंपी गई।
मुखबिर की सूचना से खुलासा
जांच के दौरान विशेष मुखबिर को लगाया गया। 6 फरवरी 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दो आरोपियों की पहचान हुई—
आकाश राम निवासी रोड़ा बांध, सिंदरी रेलवे स्टेशन के पास एवं देव कुमार निवासी BIT सिंदरी, सुपर फॉस्फेट कॉलोनी
दोनों को स्थानीय थाना सिंदरी एवं गोशाला ओपी पुलिस के सहयोग से पूछताछ के लिए लाया गया।
पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रिश्तेदार हैं और वर्ष 2025 में मार्शलिंग यार्ड पुनर्विकास कार्य के दौरान एक निजी ठेकेदार के यहां सुरक्षा ड्यूटी पर थे। रेलवे कार्य के दौरान उन्होंने लोकेशन बॉक्स की चाबी चुरा ली थी।
आरोपियों ने स्वीकार किया कि 26 जनवरी 2026 की रात सिंदरी टाउन स्टेशन से करीब 800 मीटर दूर लोकेशन बॉक्स खोलकर उसमें लगे तांबे के केबल को काटकर चोरी किया और केबल को ट्रैक से 50–60 मीटर दूर झाड़ियों में प्लास्टिक बोरी में छुपा दिया।
पूरी बरामदगी के साथ गिरफ्तारी
आरोपियों की निशानदेही पर रेसुब पोस्ट धनबाद, CIB धनबाद और स्थानीय पुलिस ने सिंदरी ब्लॉक हॉल्ट और सिंदरी टाउन के बीच KM पोल संख्या 18 S/03-04 के पास झाड़ियों से करीब 70 मीटर कॉपर सिग्नलिंग केबल बरामद किया।
रात 02:40 बजे जब्ती सूची तैयार कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
अन्य चोरी की घटनाओं में भी संलिप्त
पूछताछ में दोनों ने यह भी कबूल किया कि—
26 दिसंबर 2025 को शहरपुरा बाजार में दुकानों का ताला तोड़कर तिजोरी से नकदी चोरी की
16 जनवरी 2026 को सिंदरी शहरपुरा स्थित एक घर में घुसकर सोना-चांदी और नकदी की चोरी की
रेलवे न्यायालय में पेशी
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को रेलवे न्यायालय, धनबाद में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
आपराधिक इतिहास
आकाश राम के विरुद्ध सिंदरी थाना में कांड संख्या 98/2020, धारा 379/461 IPC
देव कुमार के विरुद्ध सिंदरी थाना में कांड संख्या
98/2020 (धारा 379/461 IPC)
106/2020 (धारा 379/461 IPC)

