पटना-टाटा वंदे भारत में खराब खाना परोसने पर रेलवे भड़का, आईआरसीटीसी पर लगा 10 लाख जुर्माना

Neelam
By Neelam
3 Min Read

भारतीय रेलवे ने वंदे भारत एक्सप्रेस में खाने की गुणवत्ता को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। रेलवे ने अपनी ही कंपनी इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई पटना से टाटानगर जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में भोजन की गुणवत्ता को लेकर मिली शिकायत के बाद की गई है।

यात्रियों की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई

भारतीय रेलवे ने यात्रियों की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई करते हुए आईआरसीटीसी और वंदे भारत एक्सप्रेस में खाना परोसने वाली कंपनी के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। रेलवे ने जहां आईआरसीटीसी पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है, वहीं संबंधित वेंडर (कैटरिंग कंपनी) पर 50 लाख रुपये का भारी जुर्माना ठोकते हुए उसका कॉन्ट्रैक्ट भी समाप्त करने का आदेश दिया है।

जांच में शिकायत सही पाए जानें पर एक्शन

पटना से टाटानगर जा रही ट्रेन संख्या 21896 (वंदे भारत एक्सप्रेस) में यात्री द्वारा भोजन की गुणवत्ता पर 15 मार्च 2026 को की गई शिकायत को रेलवे प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया। यात्री ने ट्रेन में परोसे गए भोजन की खराब गुणवत्ता, स्वादहीनता और अस्वच्छता की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही रेल मंत्रालय और आईआरसीटीसी ने तुरंत संज्ञान लिया और जांच शुरू कर दी। जहां जांच में शिकायत सही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की गई है।

आईआरसीटीसी पर 10 लाख का जुर्माना

रेलवे ने कार्रवाई करते हुए आईआरसीटीसी पर 10 लाख का जुर्माना लगाया गया है। जबकि भोजन सप्लाई करने वाले संबंधित सर्विस प्रोवाइडर पर 50 लाख का भारी दंड लगाया गया है। साथ ही साथ उस सर्विस प्रोवाइडर का कॉन्ट्रैक्ट तत्काल समाप्त करने के आदेश भी जारी कर दिया है।

गुणवत्ता पर जीरो टॉलरेंस

रेलवे की ओर से जारी बयान के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा और भोजन की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी तरह की लापरवाही या मानकों के उल्लंघन पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी। रेलवे ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी और सख्त की जाएगी। यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सेवाएं देना ही रेलवे का मुख्य उद्देश्य है।

Share This Article