बंगाली नव वर्ष पर श्रद्धालुओं को रेलवे का तोहफा, गिधनी स्टेशन पर रुकेंगी स्टील और इस्पात समेत 10 ट्रेनें

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: बंगाली नव वर्ष (1433) के शुभ अवसर पर श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र जी के उत्सव में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे ने राहत भरी खबर दी है। रेलवे ने यात्रियों की भारी भीड़ और सुविधा को देखते हुए झाड़ग्राम और चाकुलिया के बीच स्थित गिधनी स्टेशन पर 10 महत्वपूर्ण ट्रेनों के अस्थायी ठहराव की घोषणा की है।

यह विशेष ठहराव 12 अप्रैल से 18 अप्रैल तक प्रभावी रहेगा। अधिसूचना के अनुसार, उत्सव में शामिल होने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए अप और डाउन दोनों दिशाओं की ट्रेनों को गिधनी में दो मिनट के लिए रोका जाएगा।

इन ट्रेनों का रहेगा अस्थायी ठहराव
रेलवे द्वारा जारी शेड्यूल के मुताबिक स्टील एक्सप्रेस और इस्पात एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें इस सूची में शामिल हैं। 12 अप्रैल को हावड़ा से खुलने वाली हावड़ा-टाटानगर स्टील एक्सप्रेस (12813) और टाटानगर से प्रस्थान करने वाली टाटानगर-हावड़ा स्टील एक्सप्रेस (12814) का ठहराव गिधनी में होगा।

इसी तरह, हावड़ा-जुनागढ़ रोड इस्पात एक्सप्रेस (12871) 13 अप्रैल को और जुनागढ़ रोड-हावड़ा इस्पात एक्सप्रेस (12872) 12 अप्रैल को यहां रुकेगी। हावड़ा-कंटाबांजी इस्पात एक्सप्रेस (22861) 12 अप्रैल को और इसकी वापसी ट्रेन 22862 13 अप्रैल को गिधनी स्टेशन पर ठहराव लेगी।

इंटरसिटी और मेमू यात्रियों को भी राहत
उत्सव के बीच टाटानगर होकर चलने वाली हावड़ा-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस (22891) और रांची-हावड़ा इंटरसिटी (22892) को भी 15 अप्रैल को गिधनी स्टेशन पर रोकने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा शनिवार 18 अप्रैल को हावड़ा-घाटशिला मेमू एक्सप्रेस (18033) और घाटशिला-हावड़ा मेमू (18034) का भी यहां दो मिनट का ठहराव रहेगा।

Share This Article