बिहार के औरंगाबाद जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां खुद को आईपीएस अधिकारी बताकर लोगों से ठगी करने वाला आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। दाउदनगर पुलिस ने इस बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा करते शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी यूपी के गोरखपुर जिले का रहना वाला राजेश शुक्ला है।
फर्जी आईपीएस बनकर लोगों को ठग रहा था
आरोपी राजेश शुक्ला दाउदनगर क्षेत्र में लंबे समय से फर्जी आईपीएस बनकर लोगों को झांसे में ले रहा था। वह पुलिस जैसी वर्दी पहनकर और अधिकारी जैसा रौब दिखाकर लोगों पर दबाव बनाता था और उनसे पैसे वसूलता था।
व्यापारी से रंगदारी वसूलते हुए गिरफ्तार
आरोप है कि फर्जी अफसर बनकर शख्स एक व्यापारी से रंगदारी वसूलने पहुंचा था। वह व्यापारी से एक लाख 20 हजार रुपये की मांग कर रहा था। तभी एसडीओपी पहुंचे और उससे आई दिखाने को कहा। ठग ने एक के बाद एक कई कार्ड निकाल दिए। जिसके बाद उसे थाने लाकर सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने सारा सच उगल दिया।
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
मामले का खुलासा तब हुआ जब दाउदनगर के छत्तर दरवाजा निवासी राकेश कुमार ने पुलिस को सूचना दी कि चावल बाजार स्थित उनके ‘आदित्य साड़ी महल’ के पास एक व्यक्ति खुद को आईपीएस अधिकारी बताकर उन्हें धमका रहा है। एक लाख बीस हजार रुपये की मांग कर रहा है। यह भी बताया कि आरोपित के डर से वह पहले ही 47 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर चुका है।
सीआईए-एनआईए लिखी फर्जी वर्दियां बरामद
शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उसके पास से कई संदिग्ध और आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए हैं। इसमें सीआईए और एनआईए लिखी हुई फर्जी वर्दियां भी शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल वह लोगों पर धौंस जमाने के लिए करता था। पुलिस का कहना है कि वह इन वर्दियों के सहारे खुद को बड़ा अधिकारी बताकर आसानी से लोगों को अपने जाल में फंसाता था।

