बिहार में धूमधाम से मनाई जा रही रामनवमी, रात 2 बजे खुले पटना महावीर मंदिर के पट, नितिन नवीन ने भी की पूजा अर्चना

Neelam
By Neelam
3 Min Read

पूरे देश में रामनवमी की धूम है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर आज पूरे देश में उत्सव का माहौल है। बिहार की राजधानी पटना के मशहूर महावीर मंदिर में रामनवमी की धूम है। पटना में महावीर मंदिर के पट देर रात दो बजे ही खोल दिए गए। रामनवमी पर देर रात से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे। आरती पूजन के बाद भक्तों के दर्शन और पूजन के लिए पट खोले गए।

नितिन नवीन पहली आरती में हुए शामिल

रामनवमी पर राजधानी पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए महावीर मंदिर के द्वार रात 2 बजे ही खोल दिए गए। पहली किरण से पहले भव्य आरती संपन्न हुई, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और महावीर मंदिर ट्रस्ट के सचिव सायन कुणाल शामिल हुए। 

6 क्विंटल विदेशी फूलों से सजा मंदिर

मंदिर को 6 क्विंटल विदेशी फूलों और भव्य लाइटों से दुल्हन की तरह सजाया गया है। जीपीओ गोलंबर से लेकर आर-ब्लॉक तक लगभग 3 किलोमीटर लंबी कतार लगी है, जहां बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं श्रद्धा के साथ अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।

5 लाख भक्तों के पहुंचने का अनुमान

इस वर्ष मंदिर में पांच लाख भक्तों के दर्शन करने का अनुमान मंदिर प्रबंधन ने लगाया है। बिना माला-प्रसाद वाले भक्तों के लिए दोपहर 12 बजे के बाद उत्तरी द्वार से प्रवेश की व्यवस्था की गई है। मंदिर प्रबंधन ने कहा कि इस वर्ष रामनवमी के दिन सबसे पहली कतार में लगे दर्शन करने वाले 10 भक्तों को मंदिर प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

25 हजार किलो नैवेद्यम तैयार

महावीर मंदिर में नैवेद्यम प्रसाद की काफी मांग होती है। वहीं रामनवमी में भक्त इसी प्रसाद से पूजा करने जाते हैं। बताया जा रहा है कि इस साल रामनवमी को लेकर 25 हजार किलो नैवेद्यम (खास तरीके से तैयार प्रसाद) तैयार किया जा रहा है। श्रद्धालुओं को नैवेद्यम खरीदने के कई काउंटर लगाए जा रहे हैं।

52 भव्य शोभायात्राएं निकलेंगी

आज शाम पटना की सड़कों पर 52 विभिन्न शोभायात्राएं निकलेंगी, जिनका मुख्य केंद्र ऐतिहासिक डाक बंगला चौराहा होगा। यहां आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा शिरकत करेंगे। इस साल विशेष आकर्षण रामायण धारावाहिक के ‘राम’ अभिनेता अरुण गोविल और सांसद मनोज तिवारी होंगे। शोभायात्रा के प्रतिनिधियों को नितिन नवीन की ओर से पाग और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा।

Share This Article