रामगढ़: अवैध खनन व परिवहन पर शिकंजा, बिना चालान स्टोन चिप्स ले जाते दो वाहन जब्त

KK Sagar
2 Min Read

रामगढ़ जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर पूर्ण रूप से रोक लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों को योजनाबद्ध ढंग से जांच अभियान चलाने का आदेश दिया गया है।

इसी क्रम में गुरुवार को पूर्वाह्न लगभग 06:00 बजे खान निरीक्षक द्वारा औचक जांच के दौरान मुख्य मार्ग पर सुभाष चौक के पास बस स्टैंड की ओर से आ रहे दो ट्रैक्टरों को जांच के लिए रोका गया। जांच में दोनों ट्रैक्टर स्टोन चिप्स से लदे पाए गए, लेकिन उनसे संबंधित कोई वैध परिवहन चालान प्रस्तुत नहीं किया गया।

जांच के दौरान

(1) महिंद्रा B275 DI ट्रैक्टर (इंजन नंबर RSD2EAN2554, चेचिस नंबर MBNABAEXKSRD19830) पर लगभग 100 घन फीट स्टोन चिप्स

(2) महिंद्रा 265 DI ट्रैक्टर (सीरियल नंबर RENW02425 A L) पर भी लगभग 100 घन फीट स्टोन चिप्स लदे पाए गए।

परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर दोनों ट्रैक्टरों को स्टोन चिप्स खनिज सहित विधिवत जब्त कर लिया गया। इस मामले में वाहन मालिक, चालक एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सरकारी संपत्ति की चोरी, खनन राजस्व को क्षति पहुंचाने तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 4 एवं 21, झारखंड लघु खनिज समनुदान नियमावली, 2004 (यथा संशोधित) के नियम 54 तथा झारखंड मिनरल्स (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण निवारण) नियमावली, 2017 के नियम 9 एवं 13 के तहत रामगढ़ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....