रामगढ़: जिला खनन पदाधिकारी निशांत अभिषेक के नेतृत्व में वित्तीय वर्ष 2024-25 में रामगढ़ जिले ने 863.19 करोड़ रुपए का राजस्व संग्रहण किया, जो कि लक्ष्य 844.49 करोड़ रुपए से अधिक है। इस उपलब्धि के साथ ही विभाग ने अपने लक्ष्य का 102.21% हासिल कर लिया है। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में 40% अधिक है, जब वित्तीय वर्ष 2023-24 में 612.82 करोड़ रुपए का राजस्व संग्रह हुआ था।
जिला खनन पदाधिकारी निशांत अभिषेक ने बताया कि इस उपलब्धि को हासिल करने में खनन विभाग कार्यालय के कर्मियों एवं खान निरीक्षक राहुल कुमार का अहम योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि खनन विभाग के कर्मियों के सहयोग से निर्धारित लक्ष्य को पार करना संभव हो पाया है।
डीएमएफटी में भी वृद्धि
जिले में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) के तहत भी राजस्व संग्रहण में बढ़ोतरी दर्ज की गई। वर्ष 2024-25 में 171 करोड़ रुपए का संग्रहण किया गया, जो पिछले वर्ष के 155 करोड़ रुपए की तुलना में 16 करोड़ रुपए अधिक है।
खनन पदाधिकारी निशांत अभिषेक इससे पहले चाईबासा और धनबाद में भी राजस्व संग्रहण के लक्ष्यों को पूरा करने में सफल रहे थे। उन्होंने रामगढ़ में भी अपनी इस सफलता को बरकरार रखते हुए रिकॉर्ड कायम किया है।