रामगढ़ कोषागार घोटाला: फर्जी कर्मचारी के नाम पर लाखों की निकासी, लेखापाल पर FIR दर्ज

KK Sagar
2 Min Read

रामगढ़। जिला पशुपालन विभाग, रामगढ़ में वित्तीय अनियमितता का बड़ा मामला सामने आया है। जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. लाल बिहारी प्रसाद की शिकायत पर रामगढ़ थाना में तत्कालीन लेखापाल मुनिन्द्र कुमार और एक कथित फर्जी कर्मचारी पोकली उरांव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

शिकायत के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2021-22 के दौरान वेतन मद में अवैध और फर्जी निकासी की गई, जिसमें कुल ₹34,25,558 की अनियमितता पाई गई है। जांच में सामने आया कि मुनिन्द्र कुमार ने “कुबेर पोर्टल” पर पोकली उरांव नाम से एक फर्जी अस्थायी आईडी बनाकर अगस्त 2021 से जनवरी 2022 के बीच ₹10,91,556 की निकासी की, जो एक्सिस बैंक, दीपाटोली (रांची) स्थित खाते में भेजी गई।

इसके अलावा, आरोपी लेखापाल ने अपने ही बैंक खाते में अगस्त 2014 से दिसंबर 2021 के बीच वेतन और एरियर के नाम पर ₹23,34,000 की अवैध निकासी भी की। इस तरह कुल मिलाकर लाखों रुपये के गबन का मामला सामने आया है।

उपायुक्त रामगढ़ के आदेश (ज्ञापांक-477/गो०, दिनांक 15.04.2026) के आधार पर गठित जांच समिति ने मामले की जांच की, जिसमें प्रथम दृष्टया गबन और फर्जी निकासी की पुष्टि हुई है। जांच समिति में अपर समाहर्ता कुमारी गीतांजलि सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं।

प्रशासन की ओर से बताया गया है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....