रामगढ़: जिला बाल संरक्षण इकाई, रामगढ़ के माध्यम से सोमवार को एक सराहनीय पहल के तहत 12 वर्षीय बालिका ज्योति कुमारी को विधिवत दत्तक ग्रहण कराया गया। बालिका रामगढ़ जिला स्थित गैर सरकारी संस्था डिवाइन ओंकार मिशन, टायर मोड़ में संचालित बालिका गृह में रह रही थी।
इटली निवासी दंपत्ति क्लाउडिया पेद्रिनी एवं डोमिंगा सेल्विनी ने निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालिका को गोद लिया।
उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने औपचारिक रूप से बालिका को दंपत्ति को सौंपते हुए उनसे और बालिका से आत्मीय बातचीत की। उन्होंने बालिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि विधिसम्मत दत्तक ग्रहण प्रक्रिया बच्चों को सुरक्षित, स्नेहपूर्ण और बेहतर पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, गोपनीय प्रभारी रविंद्र कुमार गुप्ता, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा शंकर प्रसाद, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी शांति बागे, विधि सह परिवीक्षा पदाधिकारी रंजीत कुमार साहू सहित संबंधित अधिकारी और डिवाइन ओंकार मिशन के कर्मी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने बताया कि दत्तक ग्रहण की पूरी प्रक्रिया निर्धारित कानूनी प्रावधानों के तहत संपन्न की गई है, जिससे बालिका को सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य मिल सके।

