नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अष्टलक्ष्मी महोत्सव के दौरान एक अनोखा नजारा देखने को मिला। महोत्सव में आयोजित फैशन शो में देश के नेताओं ने अपनी शैली और आकर्षक व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया। इस खास मौके पर मोदी सरकार के दो मंत्री – केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने रैंप पर वॉक कर सबको चौंका दिया।
दोनों मंत्रियों ने पूर्वोत्तर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और शिल्प को प्रदर्शित करने वाले परिधानों को पहनकर रैंप पर कदमताल की। ज्योतिरादित्य सिंधिया क्रीम रंग के फैशनेबल कोट और लाल मफलर में नजर आए, जबकि सुकांत मजूमदार भी क्रीम कोट और रेड स्टोल में बेहद स्टाइलिश लग रहे थे।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस कार्यक्रम के अनुभव को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा करते हुए लिखा, “वास्तव में यह संस्कृति और रचनात्मकता का उत्सव है। पूर्वोत्तर भारत की जीवंत शैलियों को प्रदर्शित करने वाले फैशन शो में भाग लेना अद्भुत था। अपने सहयोगी सुकांत मजूमदार के साथ इस कार्यक्रम का हिस्सा बनकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं।”
सोशल मीडिया पर दोनों मंत्रियों का रैंप वॉक वायरल हो गया है। लोगों ने उनके आत्मविश्वास और स्टाइल की जमकर तारीफ की। एक यूजर ने लिखा, “वाह! नेताओं को ऐसा भी होना चाहिए, बॉलीवुड स्टार्स को टक्कर दे सकें।”
अष्टलक्ष्मी महोत्सव पूर्वोत्तर भारत की सांस्कृतिक विविधता और कलात्मकता का उत्सव है। इस फैशन शो ने पूर्वोत्तर राज्यों के परिधानों, डिजाइन और कला को नए अंदाज में प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।