संवाददाता, रांची: रमजान के पवित्र महीने की शुरुआत के साथ ही झारखंड सरकार के एक फैसले को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। झारखंड सरकार द्वारा जारी एक नोटिफिकेशन पर बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने सरकार के इस फैसले को राज्य की धर्मनिरपेक्षता पर सवाल खड़ा करने वाला बताया और आरोप लगाया कि झारखंड को “इस्लामिक राज्य” बनाने की तैयारी हो रही है।
सांसद ने क्या कहा?
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर इस नोटिफिकेशन के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा,
“झारखंड राज्य को इस्लामिक राज्य घोषित करने का समय आ गया है। कांग्रेस का हाथ केवल मुसलमानों के साथ।”
क्या है झारखंड सरकार का नोटिफिकेशन?
दरअसल, झारखंड सरकार ने रमजान के महीने के मद्देनजर मुस्लिम सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष छूट देने का फैसला किया है। सरकार के नोटिफिकेशन के मुताबिक:
- रोजेदार मुस्लिम कर्मचारियों को हर दिन शाम 4 बजे के बाद छुट्टी देने का प्रावधान किया गया है।
- शुक्रवार (जुमे) की नमाज के लिए दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक विशेष अवकाश दिया जाएगा।
झारखंड सरकार के इस फैसले पर बीजेपी और अन्य विपक्षी दलों की प्रतिक्रिया आने की संभावना है। निशिकांत दुबे के बयान के बाद यह मुद्दा सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। सरकार के इस फैसले का समर्थन करने वाले इसे धार्मिक सहूलियत का हिस्सा बता रहे हैं, वहीं विरोधी इसे तुष्टिकरण की राजनीति करार दे रहे हैं।