Ranchi News: भारत में 5 लाख पाकिस्तानी लड़कियां? निशिकांत दुबे ने उठाए सवाल, कहा- “आतंक का नया चेहरा सामने आया”

Amita kaushal
2 Min Read

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द कर दिए और 48 घंटे के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया। इसके चलते अटारी बॉर्डर पर पाकिस्तान लौटने के लिए लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। इनमें बड़ी संख्या में वे महिलाएं भी शामिल थीं, जिनकी शादी भारतीय नागरिकों से हुई थी और जो भारत में रह रही थीं।

इसी घटनाक्रम पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने अपनी पोस्ट में चिंता जाहिर करते हुए कहा कि “पाकिस्तानी आतंकवाद का एक नया चेहरा अब सामने आ गया है।” दुबे ने दावा किया कि “करीब पांच लाख से अधिक पाकिस्तानी लड़कियां भारतीयों से शादी कर भारत में रह रही हैं। इनमें से अधिकांश को आज तक भारतीय नागरिकता नहीं मिली है।”

निशिकांत दुबे ने सवाल उठाया कि इन “अंदर घुसे दुश्मनों” से लड़ने के लिए सरकार और समाज को कौन सी रणनीति अपनानी चाहिए। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और अलग हलकों में इस पर बहस भी शुरू हो गई है।

बताया जा रहा है कि हालिया आतंकी घटनाओं के मद्देनज़र सरकार ने वीजा नियमों की समीक्षा शुरू कर दी है और विदेशी नागरिकों, विशेषकर पाकिस्तान से आए लोगों की स्थिति पर विशेष निगरानी बढ़ा दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां भी इस दिशा में अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। हालांकि इस मुद्दे पर विपक्षी दलों ने सरकार से पारदर्शिता की मांग की है।

Ranchi News/ Pahalgam Attack/ nishikant dubey/ MP/ BJP

Share This Article