भारतीय सेना की फर्जी मुहरें बनाकर चला रहा था नेटवर्क, रांची पुलिस ने किया पर्दाफाश

KK Sagar
2 Min Read

रांची: सेना से जुड़ी गंभीर फर्जीवाड़े की साजिश का खुलासा करते हुए रांची पुलिस ने भारतीय सेना की फर्जी मुहर बनाने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है और बड़ी मात्रा में फर्जी स्टांप, दस्तावेज़ और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।

सूचना मिली थी कि नामकुम स्थित मिलिट्री हॉस्पिटल परिसर में संचालित राठौर जनरल स्टोर नामक दुकान के माध्यम से भारतीय सेना के उच्च अधिकारियों की फर्जी मुहरें बनाई जा रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए नामकुम थाना की एक विशेष टीम का गठन कर त्वरित छापेमारी की गई।

बरामद सामग्री:

  • सेना के विभिन्न अधिकारियों के नाम से बने रबर स्टांप और प्रिंकीड फ्लैश स्टांप
  • पोको कंपनी का मोबाइल फोन
  • सादा कागज पर मुहर का नमूना
  • स्टांप ऑर्डर से जुड़ा व्हाट्सएप स्क्रीनशॉट
  • कंप्यूटर का सीपीयू

गिरफ्तार आरोपी:

  1. सर्वेश कुमार सिंह (43 वर्ष)
    • स्थाई पता: देवहलियों, थाना रामगढ़, जिला कैमूर, भभुआ (बिहार)
    • वर्तमान पता: चाय बगान, इंटर काउंसिल, नामकुम, रांची
  2. आशीष दास (47 वर्ष)
    • पता: लोअर पी.पी. कंपाउंड, थाना हिन्दपीढ़ी, रांची

पूछताछ में यह सामने आया है कि सर्वेश सिंह विगत चार वर्षों से मिलिट्री स्टेशन नामकुम के अधिकारियों की फर्जी मुहरें बनवाता रहा है। इन मुहरों का उपयोग किन-किन कार्यों में किया गया, इसकी जांच की जा रही है। आशीष दास, जो दास साउंड नामक दुकान चलाता है, स्टांप बनाकर सप्लाई करता था।

कार्रवाई में शामिल टीम:

  • मनोज कुमार, थाना प्रभारी, नामकुम
  • गौतम कुमार, सहायक अवर निरीक्षक
  • शशि रंजन, सहायक अवर निरीक्षक
  • मिथुन कुमार, सहायक अवर निरीक्षक
  • सशस्त्र बल की टीम, नामकुम थाना

पुलिस अब इस पूरे फर्जीवाड़े में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच में जुटी है। प्रारंभिक सबूतों के अनुसार यह एक सुनियोजित और लंबे समय से चल रही साजिश का हिस्सा प्रतीत हो रहा है। रांची पुलिस इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जांच को आगे बढ़ा रही है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....