रीलबाज पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज: बिहार में 50 पर कार्रवाई के आदेश, वर्दी की गरिमा से खिलवाड़ पड़ा भारी

KK Sagar
3 Min Read

बिहार पुलिस मुख्यालय ने अनुशासनहीनता पर सख्त रुख अपनाते हुए सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई का संकेत दिया है। डीजीपी के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद नियमों की अनदेखी करने वाले 50 पुलिसकर्मियों की सूची जारी कर दी गई है। सभी जिलों के एसपी को निर्देश दिया गया है कि इन ‘रीलबाज’ कर्मियों पर मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के उल्लंघन के तहत तत्काल कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

सबसे ज्यादा पटना में ‘रीलबाज’

जारी सूची में सबसे अधिक 16 पुलिसकर्मी पटना जिले के हैं। इसके अलावा पूर्णिया की दो महिला पुलिसकर्मियों के नाम भी शामिल हैं। मधुबनी से 4, दरभंगा से 2 और गया, कटिहार, सहरसा, मुंगेर सहित कई जिलों के पुलिसकर्मी भी इस कार्रवाई की जद में आए हैं। मुख्यालय ने संबंधित वीडियो और रील्स के लिंक भी जिलों को भेज दिए हैं, ताकि कार्रवाई पारदर्शी और सटीक हो।

महिला थानाध्यक्ष भी निशाने पर

पूर्णिया की महिला थानाध्यक्ष शबाना आजमी का नाम इस सूची में प्रमुखता से सामने आया है। वह पहले भी सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवादों में रह चुकी हैं। पूर्व में थाने की कुर्सी पर परिजनों को बैठाकर फोटो खिंचवाने का मामला भी सुर्खियों में आया था।

बार-बार चेतावनी के बावजूद लापरवाही

अधिकारियों का कहना है कि कई बार चेतावनी और स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए जाने के बावजूद कुछ पुलिसकर्मी सोशल मीडिया पर सक्रिय रहे और वर्दी में फिल्मी गानों पर वीडियो बनाते रहे। इससे पुलिस की छवि पर नकारात्मक असर पड़ता है।

24×7 मॉनिटरिंग, सख्ती बढ़ी

सहायक पुलिस महानिरीक्षक (कल्याण) द्वारा जारी पत्रांक 42 के जरिए साफ संदेश दिया गया है कि सोशल मीडिया के उपयोग में मर्यादा का पालन अनिवार्य है। अब मुख्यालय की मॉनिटरिंग टीम 24 घंटे इंटरनेट पर नजर रख रही है।

क्या है मकसद?

इस सख्ती का उद्देश्य पुलिस बल में अनुशासन बहाल करना और जनता के बीच एक जिम्मेदार एवं गंभीर छवि कायम रखना है।

अब नजर जिलों पर:

अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि जिलों के एसपी इन चिन्हित पुलिसकर्मियों पर क्या कार्रवाई करते हैं और यह अभियान आगे कितनी सख्ती से लागू होता है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....