रामगढ़ जिले के पतरातू प्रखंड अंतर्गत कोतो पंचायत में वर्षों से जर्जर पड़े आवासों का आखिरकार जीर्णोद्धार कर दिया गया है। यह कार्य कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत जिंदल स्टील पतरातु द्वारा कराया गया, जिससे विशेष रूप से बिरहोर आदिम जनजाति के परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
शनिवार को उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल ने मौके पर पहुंचकर इन आवासों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि पहले ये घर अत्यंत खराब स्थिति में थे, जिससे परिवारों को रहने, खाने और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
अब जीर्णोद्धार के बाद इन आवासों में रहने योग्य बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। स्वच्छ पेयजल, सुरक्षित रहने की जगह और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने से बिरहोर परिवारों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।
इस पहल के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी इस कार्य की सराहना करते हुए इसे एक सराहनीय कदम बताया।
उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल ने जिंदल स्टील पतरातु के इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज के वंचित और आदिम जनजाति समुदायों को मुख्यधारा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस तरह की योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि लाभार्थियों को लगातार फायदा मिल सके।

