भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो धनबाद की कार्रवाई, गिरिडीह के पोटसो गांव में मारा छापा
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) धनबाद ने गुरुवार को एक अहम कार्रवाई करते हुए गिरिडीह जिले के अंचल कार्यालय गावां में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी आलोक शंकर त्रिगुनाईक को ₹20,000 की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी पोटसो गांव, थाना नावाडीह अंतर्गत बेलू राम के किराए के मकान से की गई।
एसीबी को वादी की ओर से शिकायत मिली थी कि उनकी मां गायत्री देवी के नाम से मौजा-सांवद की भूमि (खाता संख्या 194, प्लॉट संख्या 194 एवं 280, रकबा 18.64 डिसमिल) के दाखिल-खारिज के लिए ऑनलाइन आवेदन किया गया था। इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के एवज में संबंधित राजस्व कर्मचारी ₹50,000 की रिश्वत की मांग कर रहा था।
जांच में शिकायत सही पाए जाने पर एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत कांड संख्या 08/2025 दर्ज करते हुए जाल बिछाया। गुरुवार को रिश्वत की पहली किश्त के रूप में ₹20,000 लेते समय आरोपी को स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में गिरफ्तार किया गया।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पर भ्रष्टाचार के आरोपों की पुष्टि हो चुकी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।