मोकामा में आज विधायक अनंत सिंह का रोड शो, कल जेल से बाहर निकलते ही किसपर साधा निशाना?

Neelam
By Neelam
4 Min Read

बिहार के मोकामा के चर्चित और बाहुबली विधायक अनंत सिंह को पटना हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है और वे बेउर जेल से रिहा हो चुके हैं। वे करीब 142 दिनों तक जेल में बंद रहे। करीब 4 महीने के बाद जेल से रिहाई के बाद देर शाम अनंत सिंह पटना स्थित आवास पर पहुंचे। वहीं आज अनंत सिंह करीब 4 महीने के बाद और विधानसभा चुनाव में जबरदस्त जीत के बाद पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र में पहुंचेंगे। जहां अपने क्षेत्र में जाकर अपनी जनता से मिलेंगे। साथ ही रोड शो भी करेंगे। 

समर्थकों में दिखा जबरदस्त उत्साह

अनंत सिंह की गिरफ्तारी 1 नवंबर को हुई थी, जब उन पर मोकामा टाल इलाके में हुए दुलारचंद यादव हत्या मामले में आरोप लगा था। पटना हाईकोर्ट से बेल मिलने के बाद आज सोमवार को बेउर जेल से बाहर आ गए हैं। बेऊर जेल से बाहर आते ही उनका भव्य स्वागत किया गया। जैसे ही उनके रिहा होने की खबर फैली, बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता जेल गेट के बाहर इकट्ठा हो गए। बताया जा रहा है कि अनंत सिंह को लेने के लिए लैंड क्रूजर गाड़ी सीधे बेऊर जेल के अंदर तक गई थी। जेल से बाहर निकलते ही वह उसी लग्जरी गाड़ी में सवार होकर अपने आवास के लिए रवाना हुए। इस दौरान उनके समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

झूठे मामले में फंसाने का लगाया आरोप

रिहाई के बाद उन्होंने कहा कि उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया है और घटना के समय वे घटनास्थल से करीब 4 किलोमीटर दूर थे। एक सवाल पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि बार-बार उन्हें ही क्यों फंसाया जाता है, इसका जवाब संबंधित लोगों से पूछा जाए।

आज मोकामा में करेंगे रोड शो

रिहाई के बाद अनंत सिंह का अगला पड़ाव उनका निर्वाचन क्षेत्र होगा। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को अनंत सिंह पटना से बड़हिया के लिए प्रस्थान करेंगे। इस दौरान रास्ते भर उनके समर्थक रोड शो करेंगे। बड़हिया पहुंचने पर वे प्रसिद्ध महारानी मंदिर में दर्शन और विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। उनकी इस सक्रियता से मोकामा की राजनीति में एक बार फिर सरगर्मी तेज होने की उम्मीद है।

दुलारचंद यादव हत्याकांड में जेल गए थे अनंत सिंह

अनंत सिंह को साल 2025 में दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान गिरफ्तार किया गया था। करीब चार महीने जेल में बिताने के बाद उन्हें पटना हाई कोर्ट से जमानत मिली है। खास बात यह है कि जेल में रहते हुए ही उन्होंने चुनाव लड़ा और मोकामा के कद्दावर नेता सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी को शिकस्त दी थी। हाल ही में राज्यसभा चुनाव के दौरान भी वे जेल से वोट डालने विधानसभा पहुंचे थे।

पटना से लेकर मोकामा तक गरमायी राजनीति

बता दें कि पटना से बड़हिया तक का एक बड़ा इलाका मोकामा विधानसभा क्षेत्र में आता है। ऐसे में यह रोड शो राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे अनंत सिंह अपनी ताकत और समर्थन दिखाने की कोशिश करेंगे। इस पूरे घटनाक्रम से साफ है कि अनंत सिंह की रिहाई के बाद मोकामा और आसपास के इलाकों में राजनीतिक माहौल फिर से गर्म हो गया है। उनके समर्थक इसे बड़ी जीत मान रहे हैं, जबकि विरोधी पक्ष इस मामले को लेकर अभी भी सवाल उठा रहा है।

Share This Article