बिहार के किसानों के लिए आज बड़ा दिन है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज राज्य के उन 2 लाख से अधिक किसानों के बीच 100 करोड़ की राशि जारी करेंगे। ये वो किसान हैं, जिनकी फसलें पिछले दिनों आए तूफान और बेमौसम बारिश के कारण बर्बाद हो गई थीं।
DBT के जरिए किसानो के खाते में आएगी राशि
1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रिमोट के माध्यम से DBT के जरिए किसानों के बैंक खातों में 100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित करेंगे। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद रहेंगे। साथ ही कृषि मंत्री और विभाग के आला अधिकारी भी शिरकत करेंगे।
किसे कितनी मदद मिलेगी?
कृषि विभाग द्वारा प्राप्त आवेदनों के सत्यापन के बाद पात्र किसानों की सूची तैयार की गई है। फसल क्षति के आधार पर अनुदान की दरें तय असिंचित क्षेत्र: ₹8,500 प्रति हेक्टेयर, सिंचित क्षेत्र: ₹17,000 प्रति हेक्टेयर और शाश्वत फसलें (जैसे गन्ना): ₹22,500 प्रति हेक्टेयर की गई हैं। न्यूनतम सहायता असिंचित क्षेत्र के लिए ₹1,000 और सिंचित क्षेत्र के लिए ₹2,000 अनिवार्य है। यह अनुदान अधिकतम 2 हेक्टेयर तक की भूमि के लिए देय होगा।
किसानों पर मेहरबान सरकार
बिहार सरकार ने इस साल के बजट में भी किसानों के लिए ‘जन नायक कर्पूरी ठाकुर सम्मान निधि’ जैसी योजनाओं के जरिए अतिरिक्त आर्थिक मदद का ऐलान किया है। आज की यह त्वरित सहायता उन सीमांत और छोटे किसानों के लिए संजीवनी साबित होगी जिनका निवेश तूफान ने मिट्टी में मिला दिया था। मुख्यमंत्री के इस कदम से किसानों में खुशी की लहर है, क्योंकि बुवाई के नए सीजन से पहले यह नकद राशि उनके हाथ में होगी।

