बच्चा चोर की अफवाह पर बवाल, ग्रामीणों ने अज्ञात व्यक्ति को अधमरा होने तक पीटा, पुलिस ने कराया भर्ती

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: झारखंड के नोवामुंडी थाना क्षेत्र में एक बार फिर ‘बच्चा चोरी’ की अफवाह ने हिंसक रूप ले लिया। कादाजामदा पंचायत के काबरा गुटू टोला में ग्रामीणों ने एक अज्ञात व्यक्ति को बच्चा चोर समझकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

संदेह बना हमले की वजह
स्थानीय सूत्रों के अनुसार पिछले कुछ समय से इलाके में बच्चा चोरी की अफवाहें चर्चा में थी। काबरा गुटू गांव में एक अजनबी को संदिग्ध अवस्था में घूमते देखा गया। ग्रामीणों का आरोप है कि वह व्यक्ति कभी महिलाओं के पीछे भाग रहा था, तो कभी खेल रहे बच्चों के पास जाने की कोशिश कर रहा था। उसकी इन संदिग्ध हरकतों ने ग्रामीणों के सब्र का बांध तोड़ दिया।

भीड़ का इंसाफ: तलाशी में मिले सिर्फ 200 रुपये
आक्रोशित भीड़ ने अजनबी को घेर लिया और बिना सच जाने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पिटाई के बाद जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसकी जेब से केवल 200 रुपये नकद और एक माचिस बरामद हुई। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को ग्रामीणों ने पीचुआ गांव के स्कूल के पास फेंक दिया।

पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना गांव के मुंडा राहुल पूर्ति ने पुलिस को दी। नोवामुंडी थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायल को टाटा स्टील अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित के सिर, हाथ-पैर और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वह व्यक्ति वास्तव में कौन है और उस दुर्गम जंगल क्षेत्र में किस उद्देश्य से आया था।वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और कानून को अपने हाथ में न लें। अगर कोई संदिग्ध दिखे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Share This Article