ईंधन की नहीं होगी कमी, 60 दिनों का स्टॉक तैयार – लोगों से घबराने की जरूरत नहीं
ईरान से जुड़े वैश्विक तनाव के बीच देश में संभावित लॉकडाउन को लेकर फैल रही अफवाहों पर केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने साफ शब्दों में कहा है कि लॉकडाउन को लेकर चल रही सभी खबरें पूरी तरह निराधार हैं और सरकार के पास ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है।
अफवाहें फैलाना गैर-जिम्मेदाराना
उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस तरह की अफवाहें फैलाना गैर-जिम्मेदाराना है, जिससे आम जनता में बेवजह डर और भ्रम पैदा होता है। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
भारत के पास पर्याप्त तेल और गैस का भंडार उपलब्ध
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद देश में पेट्रोल, डीजल या अन्य आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी नहीं है। मंत्रालय के अनुसार भारत के पास पर्याप्त तेल और गैस का भंडार उपलब्ध है और लगभग 60 दिनों की सप्लाई पहले से सुनिश्चित कर ली गई है।
41 से अधिक देशों से कच्चा तेल आयात
बताया गया कि भारत अब 41 से अधिक देशों से कच्चा तेल आयात कर रहा है, जिससे होर्मुज जलडमरूमध्य में किसी भी संभावित बाधा का असर काफी हद तक कम हो गया है। इसके साथ ही तेल कंपनियों ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं और पेट्रोल पंप संचालकों को अतिरिक्त क्रेडिट सुविधा दी जा रही है, ताकि आपूर्ति में कोई बाधा न आए।
नेशनल एनर्जी इमरजेंसी” जैसी किसी स्थिति की कोई आवश्यकता नहीं
सरकार ने दोहराया कि भारत पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यातक देश है और फिलहाल “नेशनल एनर्जी इमरजेंसी” जैसी किसी स्थिति की कोई आवश्यकता नहीं है। ऐसे में आम लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सामान्य जीवन जारी रखें।

