धनबाद। दिनांक 19 जनवरी 2026 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, धनबाद में संरक्षा पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र द्वारा मंडल के 34 कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए संरक्षा पुरस्कार प्रदान किया गया।
यह पुरस्कार नवंबर 2025 माह के दौरान कर्मचारियों द्वारा किए गए सराहनीय कार्यों के लिए दिया गया। इन रेलकर्मियों ने धनबाद मंडल के विभिन्न खंडों में रेल फ्रैक्चर, हॉट एक्सल सहित अन्य संरक्षा संबंधी खामियों का समय रहते पता लगाया, जिससे रेल परिचालन में संभावित समस्याओं, दुर्घटनाओं एवं असामान्य घटनाओं को टालने में सफलता मिली।
मंडल रेल प्रबंधक ने पुरस्कार प्राप्त कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता और जिम्मेदारी से रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकी है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से इसी प्रकार सजग रहकर कार्य करने का आह्वान किया।

