डिवाइडर से टकराई स्कॉर्पियो, जमीन कारोबारी अजय प्रताप की दर्दनाक मौत

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: महाशिवरात्रि के उत्सव के बीच गम्हरिया के शिवपुरी कॉलोनी में उस वक्त मातम पसर गया, जब क्षेत्र के प्रतिष्ठित जमीन कारोबारी अजय प्रताप (40) की एक सड़क हादसे में दर्दनाक मौत की खबर सामने आई। दिल दहला देने वाली बात यह है कि दुर्घटना के बाद अजय पूरी रात अपनी क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो में अचेत पड़े रहे, लेकिन पर्व की व्यस्तता के कारण किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी।

हादसे का घटनाक्रम: डिवाइडर से टकराई अनियंत्रित स्कॉर्पियो
मिली जानकारी के अनुसार, घटना रविवार देर रात करीब 11 बजे की है। अजय प्रताप अपनी स्कॉर्पियो से गम्हरिया से कांड्रा की ओर जा रहे थे। टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर रामचंद्रपुर पेट्रोल पंप के पास अचानक उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला टायर ब्लास्ट हो गया।

मदद मिलने में हुई देरी, वाहन में ही बीती रात
दुर्घटना के वक्त सड़क पर सन्नाटा था और लोग महाशिवरात्रि के आयोजनों में व्यस्त थे। इस वजह से किसी ने क्षतिग्रस्त वाहन की सुध नहीं ली। सोमवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे गाड़ी देखी, तब मामले का खुलासा हुआ। गम्हरिया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्कॉर्पियो का दरवाजा तोड़ा और अचेत अजय प्रताप को बाहर निकाला। उन्हें तुरंत टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

क्या हार्ट अटैक बना हादसे की वजह?
शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि वाहन चलाते समय अजय प्रताप को दिल का दौरा पड़ा होगा, जिससे उन्होंने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। अजय प्रताप इलाके के चर्चित जमीन कारोबारी थे और अपनी व्यवहारकुशलता के लिए जाने जाते थे। उनकी मौत की खबर से पूरे गम्हरिया और आदित्यपुर क्षेत्र के व्यवसायी जगत में शोक की लहर है।

Share This Article