रांची: JPSC-JSSC आंदोलन के नेता देवेंद्र नाथ महतो और पुलिस के बीच शनिवार को सदर अस्पताल में धक्का-मुक्की का मामला सामने आया। महतो 14 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं और स्वतंत्रता दिवस पर छात्रों की ओर से निकाली जा रही तिरंगा यात्रा में शामिल होना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें अस्पताल से बाहर जाने से रोक दिया।
बाहर जाने से रोकने पर हुआ विवाद
महतो ने कहा कि वह जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आयोजित ध्वजारोहण और तिरंगा यात्रा में शांतिपूर्ण तरीके से शामिल होना चाहते थे। उन्होंने पुलिस से पूछा कि उन्हें बाहर जाने से किस आदेश के तहत रोका जा रहा है। महतो ने कहा कि अगर डॉक्टरों ने उन्हें बाहर जाने से मना किया है तो इसका लिखित आदेश दिखाया जाए।
पुलिस पर धक्का-मुक्की का आरोप
देवेंद्र नाथ महतो ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए आरोप लगाया कि उन्हें रोकने के दौरान पुलिस ने धक्का-मुक्की की, जिससे उनके सीने में चोट लगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके साथ मौजूद समर्थकों के साथ भी मारपीट की गई। महतो ने कहा कि वह अपने अधिकार और जनता की आवाज के लिए संघर्ष कर रहे हैं और इस तरह उनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता।

