टाटानगर, रांची और हावड़ा रूट की 11 ट्रेनों में बढ़ेंगी सीटें, वेटिंग से मिलेगी राहत

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: होली के त्योहार के बाद घर लौटने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। दक्षिण पूर्व रेलवे ने ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए चक्रधरपुर, रांची और खड़गपुर रेल मंडल से गुजरने वाली 11 लंबी दूरी की ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था 07 मार्च से 13 मार्च तक लागू रहेगी, जिससे वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों के टिकट कंफर्म होने की संभावना बढ़ जाएगी।

इन ट्रेनों में लगेंगे एक्स्ट्रा कोच
टाटानगर और चक्रधरपुर रूट
कुर्ला जाने वाले यात्रियों के लिए शालिमार-मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस (18030) में 7 से 13 मार्च तक एक थर्ड एसी और एक स्लीपर कोच अतिरिक्त जोड़ा जाएगा। वहीं, टाटानगर-बक्सर एक्सप्रेस (18183) में 7 और 8 मार्च को एक अतिरिक्त नॉन-एसी चेयर कार लगेगी। राउरकेला-जगदलपुर इंटरसिटी (18107) में 8 मार्च को एक एक्स्ट्रा स्लीपर कोच की सुविधा मिलेगी।

रांची रेल मंडल की ट्रेनें
रांची से चलने वाली चार महत्वपूर्ण ट्रेनों में डिब्बे बढ़ाए गए हैं। रांची-गोड्डा एक्सप्रेस (18603) में 7 मार्च को और रांची-आरा एक्सप्रेस (18640) में 7 व 9 मार्च को अतिरिक्त थ्री-टियर स्लीपर कोच लगाए जाएंगे। रांची-बनारस एक्सप्रेस (18611) में 7, 9 और 10 मार्च को तथा रांची-हावड़ा इंटरसिटी (18628) में 8 मार्च को अतिरिक्त कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

हावड़ा और खड़गपुर रूट
पूरी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए हावड़ा-पुरी सुपरफास्ट (12837) में 7 से 13 मार्च तक एक अतिरिक्त स्लीपर कोच रहेगा। इसके अलावा शालिमार-चार्लापल्ली ईस्ट कोस्ट एक्सप्रेस (18045) में भी इसी अवधि के दौरान एक अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ा जाएगा। पुरुलिया रूट पर चलने वाली रूपसि बंगला एक्सप्रेस (12883/12884) में भी 7, 8 और 13 मार्च को अतिरिक्त चेयर कार कोच लगाए जाएंगे।

रेलवे प्रशासन के इस फैसले से होली की छुट्टियों के बाद अपने घर जाने वाले प्रवासियों और पर्यटकों को काफी सहूलियत होगी। अतिरिक्त कोच जुड़ने से न केवल सीटों की उपलब्धता बढ़ेगी, बल्कि यात्रियों का सफर भी अधिक आरामदायक हो सकेगा।

Share This Article