धमकी के बाद मिजोरम की बढ़ाई गई सुरक्षा, कई संगठनों ने राज्यव्यापी विरोध-प्रदर्शन करने का किया एलान, मिजोरम से असम पहुंचे मैइती समुदाय के लोग

Anupam Kumar
2 Min Read

मिरर मीडिया : मणिपुर में दो महिलाओं को नग्न घुमाने के वायरल वीडियो के बाद मिजोरम में मैइती समुदाय को राज्य छोड़ने के लिए कहा गया है, जिसके बाद मैइती समुदाय के 41 लोग मिजोरम से असम पहुंचे हैं। मिजोरम के पूर्व उग्रवादियों के समूह ने उन्हें राज्य छोड़ने की चेतावनी दी है।
बता दें कि कक्षार के पुलिस अधीक्षक नुमल महत्ता ने कहा कि ये लोग शनिवार रात पड़ोसी राज्य मिजोरम से सिलचर पहुंचे थे, जिसके बाद उन्हें बिन्नाकांडी क्षेत्र में लखीपुर विकास खंड के भवन में ठहराया गया है।

उन्होंने बताया कि ये सभी संपन्न परिवार हैं और वे अपने वाहनों से आए हैं। कुछ कॉलेज के प्रोफेसर हैं, जबकि कुछ वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के तौर पर काम करते हैं। मिजोरम में अब तक कोई हमला नहीं हुआ है। मिजोरम सरकार उन्हें सभी सुरक्षा प्रदान कर रही है, लेकिन वे खुद कोई जोखिम नहीं लेना चाहते हैं और अपनी सुरक्षा के लिए असम आए हैं। उन्होंने कहा कि वे कह रहे हैं कि स्थिति सामान्य होने तक वे यहीं रहेंगे। असम पुलिस उन्हें सुरक्षा प्रदान कर रही है।
वहीं मिजोरम सरकार ने शनिवार को राज्य में रहने वाले मैइती समुदाय को सुरक्षा का आश्वासन दिया। राज्य सरकार ने उनसे अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा है। सरकार का यह आश्वासन मिजोरम के एक पूर्व-उग्रवादियों के संगठन की चेतावनी के बाद आया है।

मिजोरम पुलिस ने कहा कि बढ़ते तनाव के बीच शनिवार को कई मैइती लोग अपने गृह राज्यों के लिए रवाना हो गए। उन्होंने कहा कि कुछ हजार मैइती लोग मणिपुर और दक्षिण असम से हैं, जो मिजोरम में रहते हैं।

इसके साथ ही मिजोरम में कई संगठनों ने मंगलवार को राज्यव्यापी विरोध-प्रदर्शन करने का एलान किया है, जिसे लेकर राज्य में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने कहा कि पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *