झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन के संविधान और शरीयत को लेकर दिए गए बयान पर विवाद गहराता जा रहा है। इस बयान को लेकर राज्यभर में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। आम जनता से लेकर विपक्षी दलों तक में आक्रोश व्याप्त है।
शुक्रवार को देवघर जिले के मधुपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और आक्रोश रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने मंत्री पर संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर और भारतीय संविधान के अपमान का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने मधुपुर एसडीओ को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें मंत्री से सार्वजनिक माफी की मांग की गई और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। इस प्रदर्शन में देवघर विधायक नारायण दास, पूर्व विधायक रणधीर सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस विवाद के बीच झारखंड की सियासत गरमा गई है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और उग्र रूप ले सकता है।