डिजिटल डेस्क, रांची : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक संरक्षक दिशोम गुरु शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार आज 5 अगस्त को उनके पैतृक गांव नेमरा, रामगढ़ जिले में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
उनके निधन के बाद झारखंड में 4 से 6 अगस्त तक तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, और सरकारी कार्यालयों व शैक्षणिक संस्थानों में 4 व 5 अगस्त को अवकाश घोषित किया गया है।

आज सुबह 9 बजे शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर मोरहाबादी, रांची स्थित उनके आवास से झारखंड विधानसभा ले जाया गया, जहां सुबह 10 बजे से विधायकों, पूर्व विधायकों और विशिष्ट अतिथियों ने अंतिम दर्शन किए और श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार, लोकसभा सांसद पप्पू यादव, राज्यसभा सांसद संजय सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, और पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने मोरहाबादी स्थित आवास पर उनके पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर विनम्र श्रद्धांजलि दी। इसके बाद, पार्थिव शरीर को झामुमो पार्टी कार्यालय ले जाया गया, जहां कार्यकर्ताओं और नेताओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।

दोपहर 3 बजे शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार आदिवासी रीति-रिवाज और राजकीय सम्मान के साथ नेमरा गांव में होगा। इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी रांची पहुंचकर अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी, विधायक कल्पना सोरेन, लगातार पार्थिव शरीर के साथ मौजूद हैं।

शिबू सोरेन के निधन से झारखंड में शोक की लहर है। उनके योगदान को याद करते हुए, राज्य विधानसभा का मानसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है।
