जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर इलाके के जोन नंबर-एक स्थित गुड़िया मैदान में अवस्थित अमर सेनानी सिदो-कान्हू की प्रतिमा को शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है। इस मामले में स्थानीय निवासी जेनेट टोप्नो और सैमुअल देवगन ने बिरसा नगर थाने में अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। बुधवार को आसपास के लोगों ने देखा कि प्रतिमा का तीर-धनुष अस्त व्यस्त है। घटना की सूचना मिलने पर झामुमो नेता महावीर मुर्मू अन्य नेताओं के साथ बिरसा नगर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। उन्होनें बिरसा सेवा दल और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर घटना का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। महावीर मुर्मू ने कहा कि शरारती तत्वों ने क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया है। ऐसे में पुलिस-प्रशासन को गंभीरता से मामले को लेते हुए कार्रवाई करनी चाहिए। इस तरह का अशोभनीय कार्य करने वाले पर कार्रवाई जरूरी है। बिरसा सेवा दल का कहना है कि बिरसा नगर थाने से मात्र 100 मीटर की दूरी पर यह प्रतिमा है। इसके बावजूद घटना को अंजाम देने वाले जरा भी नहीं डरे और प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। तोड़फोड़ भी की गई है। उन्होनें पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं जांच में जुटी पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस घटना किसने अंजाम दिया है। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।