डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर है। कंपनी ने अपने कर्मचारियों के लिए 16.68% बोनस की घोषणा की है, जो सीधे उनके खातों में 6 सितंबर, 2025 को आ जाएगा।
कितना मिलेगा बोनस?
इस साल कुल 303.12 करोड़ रुपए की बोनस राशि निर्धारित की गई है। इसमें से जमशेदपुर के 11,446 कर्मचारियों को 152.44 करोड़ रुपए का बोनस मिलेगा।
- अधिकतम बोनस राशि: 1,10,547 रुपए
- न्यूनतम बोनस राशि: 39,004 रुपए
बोनस का फॉर्मूला
टाटा स्टील प्रबंधन और टाटा स्टील वर्कर्स यूनियन के बीच 28 अगस्त, 2025 को हुए समझौते के अनुसार, बोनस की राशि को कई भागों में बांटा गया है।
- शुद्ध लाभ का हिस्सा: 138.83 करोड़ रुपए (कंपनी के 9255.05 करोड़ रुपए के शुद्ध लाभ का 1.5%)।
- उत्पादन मूल्य: 41.5 करोड़ रुपए (14.83 टन स्टील उत्पादन के मूल्य का 1.5%)।
- उत्पादकता बोनस: 87.5 करोड़ रुपए।
- सुरक्षा (सेफ्टी) बोनस: 5 करोड़ रुपए।
- अतिरिक्त राशि: 30.30 करोड़ रुपए।
इन सभी को मिलाकर कुल बोनस राशि 303.12 करोड़ रुपए होती है। हालांकि, यह बोनस पिछले साल की तुलना में थोड़ा कम है, लेकिन कर्मचारियों के लिए यह एक बड़ी राहत है।

