HMPV वायरस से चीन में हालात गंभीर : WHO ने मांगी पूरी जानकारी : भारत समेत कई देशों में बढ़ रहे मामले

KK Sagar
3 Min Read

चीन के वुहान में HMPV (ह्यूमन मेटापनीमोवायरस) के बढ़ते मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। बच्चों में तेजी से फैल रहे इस वायरस के कारण वुहान में स्कूलों को बंद कर दिया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, पिछले 10 दिनों में वुहान में HMPV संक्रमण के मामले 529% बढ़े हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भी इस गंभीर स्थिति पर चीन से वायरस की पूरी जानकारी मांगी है।

भारत में भी HMPV का असर, 5 राज्यों में 8 मामले

HMPV का संक्रमण अब भारत में भी पैर पसारने लगा है। अब तक 5 राज्यों से 8 मामलों की पुष्टि हुई है। महाराष्ट्र में 13 साल की लड़की और 7 साल के एक बच्चे सहित 2 केस मिले हैं। अन्य मामले कर्नाटक, तमिलनाडु, गुजरात और पश्चिम बंगाल में दर्ज किए गए हैं। केंद्र सरकार ने राज्यों को इस वायरस को लेकर सतर्क रहने और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

केंद्र सरकार ने दी सावधानी बढ़ाने की सलाह

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने सोमवार को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ एक डिजिटल बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में श्वसन संबंधी बीमारियों और HMPV के बढ़ते मामलों पर चर्चा की गई। स्वास्थ्य सचिव ने इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारियों और गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमणों की निगरानी बढ़ाने और जागरूकता फैलाने पर जोर दिया।

क्या है HMPV वायरस?

HMPV एक श्वसन संबंधी वायरस है, जो मुख्य रूप से बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली वाले लोगों को प्रभावित करता है। इसके लक्षण इन्फ्लूएंजा जैसे होते हैं, जिनमें बुखार, खांसी और सांस लेने में दिक्कत शामिल हैं। यह वायरस आसानी से एक व्यक्ति से दूसरे में फैल सकता है, इसलिए सतर्कता और सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।

दुनियाभर में बढ़ रहा संक्रमण

भारत के अलावा, मलेशिया, जापान, कजाकिस्तान और ब्रिटेन में भी HMPV के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इस बढ़ते खतरे को देखते हुए WHO और विभिन्न देशों की सरकारें इस पर कड़ी निगरानी बनाए हुए हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि संक्रमण को रोकने के लिए समय पर पहचान, सतर्कता और उचित चिकित्सा कदम उठाने की आवश्यकता है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....