देशभर में अप्रैल की शुरुआत से ही भीषण गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। दिल्ली, यूपी, हरियाणा, राजस्थान जैसे राज्यों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। वहीं कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी कर दिया गया है।
दिल्ली-NCR में हीटवेव का येलो अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में 7 अप्रैल को अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री तक रहने की उम्मीद है। 9 अप्रैल तक तापमान में और वृद्धि होगी। विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए हीटवेव को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि 10 और 11 अप्रैल को हल्के बादल छाए रहेंगे और तापमान में मामूली गिरावट हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में दिन और रात दोनों समय तापमान तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने प्रयागराज, झांसी, वाराणसी, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, मिर्जापुर, चंदौली और हमीरपुर जिलों में लू के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर जा सकता है।
राजस्थान में रिकॉर्डतोड़ गर्मी
राजस्थान के बाड़मेर में तापमान 45.6 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से 6.8 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में आने वाले दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है। दक्षिण-पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में अधिकतम तापमान 44-45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।
बिहार में बारिश की संभावना
पटना मौसम विभाग के अनुसार बिहार के 14 जिलों में बारिश की संभावना है। किशनगंज और अररिया में येलो अलर्ट जारी किया गया है। 12 अप्रैल तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
हिमाचल और उत्तराखंड में भी गर्मी बढ़ी
हिमाचल प्रदेश में मैदानी ही नहीं बल्कि पहाड़ी इलाकों में भी तापमान बढ़ रहा है। लू के लिए राज्य में येलो अलर्ट जारी किया गया है। 9 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
उत्तराखंड में भी तापमान में इजाफा हुआ है। अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। राज्य के कुछ हिस्सों में एक-दो दिनों में बारिश हो सकती है।
उत्तर-पूर्व और दक्षिण भारत में बारिश का अनुमान
IMD ने असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा समेत दक्षिण भारत के राज्यों जैसे आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक और अंडमान-निकोबार में बारिश की संभावना जताई है।