बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में मंगलवार को अपराधियों की तलाश में पहुंचे एक एएसआई को गोली मार दी गई। बाद में पुलिस के साथ मुठभेड़ में बदमाश को भी गोली लगी। उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बदमाश की पहचान मीनापुर के राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के प्रखंड अध्यक्ष उमाशंकर सहनी के पुत्र पप्पू सहनी के रूप में हुई है।
जांच के दौरान पुलिस पर हमला
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम साइबर फ्रॉड से जुड़े एक मामले की जांच के सिलसिले में पप्पू कुमार नामक आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी क्रम बेला थाना क्षेत्र स्थित बेला साईं मंदिर के पास एएसआई विवेक कुमार मौके पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग कर दी, जिसमें एएसआई विवेक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
मुख्य आरोपी तुरंत गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जो बदमाश भाग रहा था उसको गोली मारी। जिसमें पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में मुख्य आरोपी पप्पू कुमार घायल हुआ और इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है। इस संबंध में डीआईजी चंदन कुशवाहा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही आवश्यक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने पुष्टि की कि एएसआई विवेक कुमार को गोली लगी है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
आरजेडी नेता का बेटा एटीएम फ्रॉड गिरोह का सरगना
जानकारी मिली है कि पप्पू सहनी एटीएम फ्रॉड गिरोह का सरगना है। वह कुख्यात पंकज सहनी गिरोह का शागिर्द है। पप्पू सहनी पहले भी साइबर फ्रॉड के मामले में जेल जा चुका है।

