डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) मुकेश कुमार लुणायत ने गम्हरिया थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्यकुशलता और नागरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अभिलेखों की गहनता से जांच की गई। एसपी ने लंबित वारंटों, कार्डों, इस्तेहारों और कुर्कियों के त्वरित निष्पादन को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही, पुलिस अधीक्षक ने वॉरंटियों और फरारियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी अभियान चलाने का भी निर्देश दिया है।
इसके अलावा, एसपी ने अधिकारियों को बैंक और एटीएम पर विशेष निगरानी रखने और क्षेत्र में अड्डाबाजी व अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सघन गश्ती करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि आगामी दीपावली और छठ पूजा पर्व को देखते हुए पूरे जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखी जाए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों और कर्मियों को सतर्क रहने और अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। निरीक्षण के दौरान परिसर, अभिलेख, ड्यूटी रोस्टर और क्षेत्रीय गश्ती योजनाओं की भी समीक्षा की गई।