एडीएम लॉ एंड ऑर्डर डॉ कुमार ताराचंद के नेतृत्व में जिले को कुष्ठ रोग से मुक्त करने की ली शपथ
मिरर मीडिया : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि तथा एंटी लेप्रसी दिवस के अवसर पर आज स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान 2022 शुरू किया गया। इस अवसर पर बरमसिया कुष्ठ आश्रम में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर डॉ कुमार ताराचंद के नेतृत्व में जिले को कुष्ठ रोग से मुक्त करने की शपथ ली गई। साथ ही प्रत्येक प्रखंड व पंचायत में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शपथ ग्रहण के बाद एडीएम लॉ एंड ऑर्डर ने कहा कि 13 फरवरी तक स्पर्श जागरूकता अभियान पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। 13 फरवरी से 15 मार्च 2022 तक जिले में कुष्ठ रोगियों का खोज अभियान चलाया जाएगा।

साथ ही कहा किसी व्यक्ति के शरीर में सफेद दाग हो और उसमें सुन्नपन लगे, तो सबसे पहले किसी भी सरकारी अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जाकर बिना संकोच दिखाना चाहिए। रोग की पहचान होने पर 6 महीने से 1 वर्ष तक एम.डी.टी. दवा खाने से संक्रमित व्यक्ति पूरी तरह से ठीक हो जाता है। चमड़ी पर सफेद रंग का दाग कुष्ठ रोग नहीं है। परंतु संदेह होने पर तुरंत चिकित्सक को दिखाना चाहिए। सरकारी अस्पताल एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में इसकी मुफ्त में जांच, इलाज एवं दवा उपलब्ध है।
यह अन्य बीमारी की तरह यह बहुत ही कम संक्रामक रोग है और बैक्टीरिया के कारण चमड़ी एवं नसों को प्रभावित करता है। चमड़ी पर किसी प्रकार का दाग होने और उसमें ठंडा या गर्म, चुभन या दर्द का एहसास नहीं होने पर तुरंत चिकित्सीय परामर्श लेना चाहिए। कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ श्याम किशोर कांत व अन्य लोग उपस्थित थे।