थर्ड जेंडर के लिए चलाया गया विशेष अभियान

Manju
By Manju
4 Min Read

जमशेदपुर : जिले में 9 नवंबर से 8 दिसंबर तक चलाये रहे मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2023 के तहत ‘एक भी मतदाता छूटे नहीं’ के उद्देश्य से निर्वाचन कार्यालय द्वारा समाज के सभी वर्गों तक अभियान की जानकारी देते हुए स्वच्छ मतदाता सूची निर्माण के दिशा में प्रयास किया जा रहा है। चुनाव में युवा मतदाताओं की शत प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से उप निर्वाचन पदाधिकारी कानू राम नाग द्वारा आज करीम सिटी कॉलेज में स्वीप के नोडल पदाधिकारी तथा एनसीसी कैडेट के साथ बैठक कर अभियान में सहयोग की अपील की गई। मौके पर 200 से ज्यादा युवाओं ने फॉर्म 6 मतदाता सूची में नाम निबंधन के लिए लिया। उप निर्वाचन पदाधिकारी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि 17 वर्ष की आयु पूरा कर चुके सभी युवा मतदाता सूची में नाम निबंधन के योग्य हैं, ऐसे में सभी अपना नाम जरूर जुड़वायें। विशेषकर कॉलेज व तकनीकी संस्थानों में पढ़ने वाले युवाओं को जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एक दिवसीय कैम्प भी सभी संस्थान परिसर में लगाया जा चुका है, इसके बाद भी कोई युवा यदि छूट गए हों तो अभियान के अंतिम दिन अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए फॉर्म 6 जरूर भर दें।

उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि जिनकी जन्मतिथि 01.10.2005 के पूर्व की है, या 17 वर्ष से अधिक व आयोग से प्राप्त अर्हता तिथि 01.04.2023-01.07.2023 व 01.10.2023 में से किसी तिथि को 18 वर्ष का आयु प्राप्त कर लेंगे, उन सभी युवाओं का भी नाम फॉर्म-6 के द्वारा मतदाता सूची में दर्ज किया जा सकता है। किसी की मृत्यु हो गई है तो फॉर्म 7 भर के उनका नाम मतदाता सूची से हटा सकते हैं। एन.आर.आई मतदाता के लिए फॉर्म 6A से नाम जोड़ा जा सकता है। किसी तरह के संशोधन के लिए फॉर्म 8 से आवेदन कर सकते हैं।

जिले में इस अभियान के तहत समाज के सभी वर्गों तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए थर्ड जेंडर, पीवीजीटीएस, सेक्स वर्कर, 80+ आयु वर्ग, दिव्यांगजन, आश्रय गृहों में निवास करने वाले व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में जोड़ने की कार्रवाई की गई है। राजनीतिक दलों के साथ बैठक हो या घर-घर जाकर अभियान की जानकारी देना, जिला प्रशासन का प्रयास है कि स्वच्छ मतदाता सूची का निर्माण करते हुए चुनाव में शत प्रतिशत मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित किए जाने का निदेश दिया गया है।

उप निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा बर्मामाइंस नामदा बस्ती में थर्ड जेंडर के बीच चलाये गए विशेष अभियान में थर्ड जेंडर मतदाताओं के बीच 100 फॉर्म-6 का वितरण किया गया। वहीं 20 लोगों का आधार नंबर वोटर कार्ड से जोड़ा गया। उप निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वोटर कार्ड से आधार नंबर लिंक कराना पूरी तरह सुरक्षित है, इसलिए बीएलओ द्वारा आधार नंबर मांगने पर जरूर उपलब्ध करायें, या खुद से भी ऑनलाइन व्यवस्था के तहत वोटर हेल्पलाइन एप या एनवीएसपी पोर्टल से आधार नंबर लिंक कर सकते हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *