जमशेदपुर : कृषि भवन, खासमहल, परसुडीह स्थित आत्मा सभागार में सॉईल हेल्थ कार्ड अभियान के तहत कृषक मित्रों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला कृषि पदाधिकारी मिथिलेश कुमार कालिन्दी ने कृषक मित्रों को निदेश दिया कि 30 जनवरी 2023 तक अपने प्रखण्ड के निर्धारित लक्ष्य के अनुसार मिट्ठी नमूना संग्रहण कर प्रयोगशाला में भेजना सुनिश्चित करेंगे। उप परियोजना निदेशक गीता कुमारी ने मिट्टी नमूना लेने, प्रयोगशाला भेजने व ऑनलाइन एंट्री पूरा करने वाले कृषक मित्रों को सम्मानित करने की बात कही। इस दौरान जमशेदपुर प्रखण्ड के प्रखण्ड तकनीकी प्रबंधक प्रवीर कुमार व सहायक तकनीकी प्रबंधक लक्ष्मी सोरेन उपस्थित थी।
जिला कृषि पदाधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा कि आकांक्षी जिला अन्तर्गत चयनित पूर्वी सिंहभूम जिले में किसानों के खेतों का मिट्टी नमूना संग्रहण व विश्लेषण के कार्य में तेजी लाने के लिए यह कैंपेन 20 दिसम्बर 2022 से 30 जनवरी, 2023 तक चलेगा। मिथिलेश कुमार कालिन्दी ने बताया कि इस अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करने पर कृषक मित्रों को प्रशास्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। कृषक मित्र प्रति मिट्ठी नमूना संग्रहण कर गूगल फार्म को भरेंगे व नमूना का पूरा विवरण भरेंगे। उनके द्वारा भरे गये गुगल फार्म के आधार पर ही सॉईल हेल्थ कार्ड पोर्टल पर आवेदन होगा और उसी के आधार पर प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाएगा। कृषक मित्रों को प्रति मिट्टी नमूना संग्रहण पर प्रति नमूना 10/- प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। जिस गांव में कृषक मित्र कार्यरत नहीं है उस गांव के प्रगतिशील किसान या नजदीकी गांव के कृषक मित्र के द्वारा भी मिट्टी नमूना संग्रहण करने पर प्रति नमूना प्रोत्साहन राशि देय होगा। सबसे अधिक मिट्टी नमूना संग्रहण करने वाले तीन कृषक मित्र व तीन प्रखण्डों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं जिला स्तर पर सम्मान समारोह का आयोजन 03.02.2023 को जिला कृषि कार्यालय सभागार में निर्धारित है।