हजारीबाग: शहर की सड़कों पर बेलगाम रफ्तार से दौड़ते वाहनों पर अब स्पीड रडार गन की नजर है। जिला परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न मार्गों पर स्पीड रडार गन के माध्यम से तेज गति वाले वाहनों की पहचान कर उन पर चालान की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस तकनीक के जरिए पुलिसकर्मी दूर से ही वाहनों की गति माप पा रहे हैं। जैसे ही कोई वाहन निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में पाया जाता है, उसका नंबर तुरंत दर्ज कर ऑन स्पॉट चालान कर दिया जाता है।
जिला परिवहन पदाधिकारी बैजनाथ कामती ने बताया कि यह पहल सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए की गई है। अब तक दर्जनों वाहनों पर कार्रवाई की जा चुकी है, जिससे आम जनता में भी गति सीमा के प्रति जागरूकता देखने को मिल रही है।
उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और जो वाहन चालक नियमों की अवहेलना करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे तय गति सीमा के भीतर ही वाहन चलाएं, जिससे स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी सुरक्षित रह सके।