धनबाद – Dhanbad Police ने SSC (MTS) ऑनलाइन परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले गिरोह का खुलासा किया है। यह कार्रवाई गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित Minerva Digital परीक्षा केंद्र में की गई।
पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 4 फरवरी 2026 से 12 फरवरी 2026 तक आयोजित Staff Selection Commission (SSC) की एमटीएस ऑनलाइन परीक्षा के दौरान 12 फरवरी की तृतीय पाली में कुछ परीक्षार्थियों द्वारा तकनीकी उपकरणों के जरिए कदाचार की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परीक्षा केंद्र पर छापेमारी की।
दो परीक्षार्थी रंगे हाथ पकड़े गए
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो परीक्षार्थियों को रंगे हाथ पकड़ा। तलाशी में उनके पास से ब्लूटूथ डिवाइस और स्पाई ईयरपीस जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि नकल कराने के लिए प्रति अभ्यर्थी 8 लाख रुपये की मांग की गई थी, जिसमें से 2.5 लाख रुपये का भुगतान पहले ही किया जा चुका था।
तीन आरोपी गिरफ्तार, परीक्षा केंद्र का कर्मचारी भी शामिल
मामले की जांच में बिहार के लखीसराय और नालंदा जिले से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें परीक्षा केंद्र का एक रजिस्ट्रेशन मैनेजर भी शामिल है, जिसने तकनीकी उपकरण उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनमें लेन-देन और प्रवेश पत्र से जुड़े अहम साक्ष्य मिले हैं।
गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज
इस संबंध में गोविंदपुर थाना कांड संख्या 68/26 (दिनांक 13.02.2026) के तहत धारा 319(2)/318(4)/61(2)/3(5) बीएनएस एवं धारा 11(1) सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस का सख्त संदेश
धनबाद पुलिस की ओर से रित्विक श्रीवास्तव (सिटी एसपी) ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक परीक्षाओं की पारदर्शिता से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

