डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने तेलंगाना में हिंदू मंदिरों पर हुए हमलों के खिलाफ बड़ा मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर सरकार उदासीन है। आज, 19 अक्टूबर को विश्व हिंदू परिषद ने राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
हैदराबाद में मंदिरों पर हमले, विहिप और भाजपा की तीखी प्रतिक्रिया
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में हिंदू देवी-देवताओं की मूर्तियों को खंडित करने की दो घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे धार्मिक संगठनों और स्थानीय जनता में गहरा आक्रोश है। पुलिस ने दोनों घटनाओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भाजपा ने इन हमलों की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से कराने की मांग की है। इसके साथ ही कई अन्य धार्मिक संगठनों ने भी इन घटनाओं के प्रति कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
विहिप का विरोध प्रदर्शन: सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन की तैयारी
विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा है कि तेलंगाना के सभी जिला मुख्यालयों पर आज विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने तेलंगाना की कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में हिंदू मंदिरों पर हो रहे हमलों पर सरकार की चुप्पी बेहद चिंता का विषय है।
अक्टूबर में दो हमले: मूर्तियों की तोड़फोड़ पर बढ़ा आक्रोश
अक्टूबर महीने में हैदराबाद में मूर्तियों को खंडित करने की दो घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं के खिलाफ भाजपा और अन्य धार्मिक संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया है। स्थानीय लोगों ने भी मंदिरों में हो रही तोड़फोड़ के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की है।
बेगम बाजार की घटना: मां दुर्गा की मूर्ति खंडित
पहली घटना हैदराबाद के बेगम बाजार पुलिस थाना अंतर्गत नामपल्ली प्रदर्शनी मैदान की है, जहां एक पूजा पंडाल में मां दुर्गा की प्रतिमा को खंडित किया गया। पुलिस का कहना है कि घटना एक आवारा व्यक्ति द्वारा गलती से हुई, जो भूख के कारण प्रसाद की तलाश में पंडाल में गया था और गलती से मूर्ति क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, भाजपा नेताओं ने इस घटना की विस्तृत जांच की मांग की है।
सिकंदराबाद की घटना: मुथ्यालम्मा मंदिर में तोड़फोड़
दूसरी घटना सिकंदराबाद के मोंडल डिवीजन की है, जहां मुथ्यालम्मा मंदिर में एक शख्स ने मूर्ति को नुकसान पहुंचाया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। आरोपी की पहचान सलमान सलीम ठाकुर के रूप में हुई है, जो इस महीने हैदराबाद में एक व्यक्तित्व विकास कार्यशाला में भाग लेने आया था। भाजपा ने इस मामले की जांच एनआईए से कराने की मांग की है।
मंदिरों पर हमले: भाजपा की नाराजगी और मुथ्यालम्मा मंदिर का दौरा
तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने मुथ्यालम्मा मंदिर का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर हैदराबाद में तनाव पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इन हमलों को बर्दाश्त नहीं करेगी और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए एनआईए से जांच कराने की मांग कर रही है।
यहां पढ़े अन्य खबरें–
- खबरें और भी हैं mirrormedia.co.in पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं, आप हमसे जुड़ सकते हैं Facebook, Instagram, X अपने सुझाव या खबरें हमें mirrormedia2019@gmail.com पर भेजें।