धनबाद: अवैध देसी-विदेशी शराब के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध उत्पाद विभाग धनबाद लगातार छापामारी अभियान चला रहा है। इसी क्रम में आज तड़के उत्पाद विभाग की टीम ने धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत परघा बस्ती, बांधटांड़ कुसुमाटांड में छापेमारी कर अवैध चुलाई शराब की भट्टी को ध्वस्त किया।
यह कार्रवाई सुबह 6 बजे से 10 बजे तक चली। अधिकारियों के अनुसार, नगरपालिका चुनाव 2026 को देखते हुए उपायुक्त धनबाद के निर्देश तथा सहायक आयुक्त उत्पाद, धनबाद के मार्गदर्शन में जिलेभर में सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
उत्पाद विभाग ने बताया कि हाल ही में जगनकोचा क्षेत्र में भी अवैध शराब अड्डे पर कार्रवाई करते हुए 400 लीटर महुआ शराब बरामद कर विधिवत जब्त की गई थी, जबकि करीब 1000 किलोग्राम जावा महुआ को मौके पर ही विनष्ट किया गया। उक्त मामले में संचालक के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार पर पूरी सख्ती बरती जाएगी और ऐसे अभियानों को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा।

