Homeझारखंडझारखंड में गर्मी का कहर: चाईबासा का तापमान 40 के पार, मौसम...

झारखंड में गर्मी का कहर: चाईबासा का तापमान 40 के पार, मौसम में उतार-चढ़ाव जारी

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: झारखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। धीरे-धीरे गर्मी का प्रकोप बढ़ने लगा है और दोपहर के समय तेज धूप ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। राजधानी रांची में सुबह और शाम को हल्की ठंडक का एहसास जरूर होता है, लेकिन दिन चढ़ते ही तापमान में उछाल देखने को मिल रहा है। सुबह 11 बजे के बाद से ही सूरज की तपिश बढ़ जाती है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

चाईबासा में तापमान 40 के पार, अप्रैल-मई में और बढ़ेगी गर्मी

झारखंड के कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। खासतौर पर चाईबासा में गर्मी ने नया रिकॉर्ड बनाया है, जहां मध्य मार्च में ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। इससे अनुमान लगाया जा सकता है कि अप्रैल और मई में गर्मी और विकराल रूप ले सकती है।

यह भी देखें :

संयुक्त मोर्चा की बैठक में बरोरा एवं ब्लॉक 2 का एक करने का किया गया विरोध, 25 मार्च को होगा चक्का जाम

मौसम विभाग का पूर्वानुमान: 19 और 20 मार्च को हल्की बारिश की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, राज्य में 17 और 18 मार्च को आंशिक बादल छाए रहेंगे, लेकिन मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं, 19 मार्च को राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों जैसे पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा और दक्षिणी हिस्सों जैसे पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां के साथ-साथ रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, गुमला और बोकारो में मेघगर्जन के साथ हल्की वर्षा हो सकती है।

20 मार्च को दक्षिणी झारखंड के कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर लोगों की नजर बनी हुई है।

हीटवेव का असर, सेहत पर पड़ रहा प्रभाव

झारखंड में बढ़ती गर्मी आम लोगों की सेहत पर भी असर डाल रही है। बीते 24 घंटे में राज्य के कुछ हिस्सों में हीटवेव देखने को मिली। चाईबासा में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि लोहरदगा में न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

गर्मी के इस बढ़ते असर को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अप्रैल और मई में लू (हीटवेव) का प्रभाव और तेज हो सकता है, जिससे लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी।

Most Popular