दुबई में काम कर रहे झारखंड के मनोज महतो की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप

KK Sagar
2 Min Read

झारखंड के बोकारो जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां विदेश में काम कर रहे एक प्रवासी मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के बड़कीसीधावारा पंचायत निवासी 42 वर्षीय मनोज महतो के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, मनोज महतो 8 मार्च को रोजगार के सिलसिले में दुबई गए थे और वहां सैम बिल्डिंग कंक्रीटिंग प्राइवेट कंपनी में कार्यरत थे। मृतक की पत्नी कौशल्या देवी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पति के साथ वहां मारपीट की गई, जिसके कारण शुक्रवार को उनकी मौत हो गई।

परिवार का यह भी कहना है कि मनोज को न तो पर्याप्त भोजन दिया जा रहा था और न ही उचित सुविधाएं मिल रही थीं। काम न करने पर उन्हें प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि इसी दौरान हुई पिटाई में उन्हें गंभीर चोटें आईं, जो उनकी मौत का कारण बनीं।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।

प्रवासी मजदूरों के हित में काम करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता सिकन्दर अली ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि विदेशों में मजदूरों की मौत का यह कोई पहला मामला नहीं है। उन्होंने बताया कि गोमिया, बिशनगढ़, डुमरी और बगोदर समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार के लिए विदेश जाते हैं, जहां कई बार उन्हें शोषण और असुरक्षित परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने सरकार से मांग की है कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएं, ताकि लोगों को मजबूरी में पलायन न करना पड़े।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....