मधुपुर: शहर के बूढ़े चौक इलाके में गुरुवार सुबह भीषण आगजनी की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। सुबह करीब 6:00 से 6:30 बजे के बीच लगी आग ने देखते ही देखते 5 से 6 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया और सभी दुकानें जलकर राख हो गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदारों को सामान बचाने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते पूरा इलाका धुएं और आग की लपटों से घिर गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की भयावहता के सामने सभी प्रयास नाकाम रहे।
सूचना मिलते ही देवघर और मधुपुर से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कई परिवारों की रोजी-रोटी जल चुकी थी।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही होगा। घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
फिलहाल प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है और पूरे मामले की जांच जारी है।

