संवाददाता, धनबाद: झारखंड माध्यमिक शिक्षक संघ ने गुरुवार को नवपदस्थापित जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा का औपचारिक स्वागत किया। निवर्तमान जिला शिक्षा पदाधिकारी का ऐच्छिक स्थानांतरण होने के बाद अभिषेक झा, जो पूर्व में लोहरदगा में अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी के पद पर कार्यरत थे, को धनबाद जिला शिक्षा पदाधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है।
आज उन्होंने अपने नए पद पर योगदान दिया, जिसके उपरांत शिक्षक संघ के जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड कार्यकारिणी के डेलीगेट्स ने संध्या के समय पुष्पगुच्छ, सैपलिंग और अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा ने संगठन को आश्वस्त किया कि शिक्षा और छात्रहित में धनबाद जिले को शिक्षक संघ के साथ बेहतर तालमेल के माध्यम से प्रगति की ओर ले जाया जाएगा।
इस अवसर पर झारखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला सचिव जय होरो ने संगठन के पदाधिकारियों का परिचय कराया और कहा कि संघ हमेशा शिक्षा एवं शिक्षकों के हित में कार्य करता रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा धनबाद में पदस्थापित रहेंगे, संगठन उनके साथ मिलकर शिक्षा के विकास के लिए कार्य करेगा।