धनबाद स्टेशन पर 90 बीयर केन के साथ किशोर तस्कर धराया : बंगाल से चला रहा था अवैध कारोबार

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने “ऑपरेशन सतर्क” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए धनबाद रेलवे स्टेशन से एक किशोर शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से कुल 90 अदद अंग्रेजी बियर केन बरामद किए गए, जिनकी कुल मात्रा 45 लीटर और कीमत लगभग ₹9,900 बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर गठित RPF पोस्ट धनबाद और CIB की संयुक्त टीम ने 10 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 11:55 बजे प्लेटफार्म संख्या 03 पर खड़ी 12353 लालकुआँ एक्सप्रेस के सामान्य कोच में छापेमारी की। इस दौरान एक किशोर को तीन पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया।

जांच में तीनों बैग से 30-30 केन यानी कुल 90 केन Haywards 5000 प्रीमियम स्ट्रॉन्ग बीयर बरामद की गई। प्रत्येक केन 500 एमएल की थी और सभी पर “For Sale in West Bengal Only” अंकित पाया गया।

पूछताछ में किशोर ने स्वीकार किया कि वह पश्चिम बंगाल से सस्ती शराब खरीदकर ट्रेन के जरिए गया ले जाता था, जहां उसे ऊंचे दाम पर बेचकर मुनाफा कमाता था।

पकड़े गए किशोर की पहचान रौशन कुमार (निवासी– बगेश्वरी गुमटी, कोतवाली थाना, जिला गया, बिहार) के रूप में हुई है। RPF ने उसे जब्त शराब के साथ आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, धनबाद को सौंप दिया है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....